Hapur News : देर रात निजी कंपनी में काम करने जा रहे 21 वर्षीय युवक को बाइक सवार तीन युवकों ने गोली मार दी। गोली युवक की पीठ में लगी, जिससे वह घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा। मामला थाना हाफिजपुर क्षेत्र का है।
कंपनी जाते समय हुआ हमला
घायल युवक की पहचान तगा सराय निवासी ऋतिक के रूप में हुई है, जो गालंद स्थित एक निजी कंपनी में काम करता है। बुधवार रात वह बाइक से कंपनी जा रहा था। इसी दौरान हाफिजपुर क्षेत्र में दिल्ली-लखनऊ हाईवे पर जेम्स कॉलेज के पास बाइक सवार तीन युवकों से उसका विवाद हो गया। आरोप है कि इसी दौरान युवकों ने उसे गोली मार दी।
अवैध संबंध को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के मुताबिक एक आरोपी की पत्नी के ऋतिक से अवैध संबंध होने की बात सामने आई है। इसी को लेकर विवाद होने की आशंका जताई जा रही है। घायल के भाई ने तीन लोगों के खिलाफ थाने में तहरीर दी है। सूचना पर पहुंची पुलिस ने घायल ऋतिक को उपचार के लिए अस्पताल भेजा।
एक आरोपी हिरासत में, दो फरार
थाना प्रभारी अतुल चौहान ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला अवैध संबंध से जुड़ा लग रहा है। एक युवक को तमंचे के साथ हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। फरार दो आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा किया जाएगा।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-administration-on-alert-for-kartik-purnima/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dfm7Wc6hubx/?xtok=ZDR3OWcxaWNzeHo=



