Hapur News : हापुड़ में भाई-बहन के स्नेह का पर्व भाई दूज उल्लास के साथ मनाया गया

Hapur News : हापुड़ में भाई-बहन के स्नेह का पर्व भाई दूज उल्लास के साथ मनाया गया

Hapur News : जिले में भाई दूज का पर्व बुधवार को भाई-बहन के अटूट प्रेम और स्नेह के साथ मनाया गया। बहनों ने भाइयों के माथे पर तिलक लगाकर उनकी लंबी उम्र की कामना की, तो भाइयों ने बहनों को हर सुख-दुख में साथ निभाने और सुरक्षा का वचन देते हुए उपहार भेंट किए।

सुबह से बाजारों में रही रौनक

सुबह से ही पर्व को लेकर तैयारियां शुरू हो गई थीं। मिठाई, गरी के गोले और पूजा सामग्री की दुकानों पर खरीदारों की भीड़ उमड़ पड़ी। घरों में बहनों ने चौक सजाया, थाली में तिलक, अक्षत, मिठाई और गोला रखा और विधि-विधान से भाइयों का तिलक किया। तिलक के बाद भाइयों को मिठाई खिलाकर उनका मुंह मीठा कराया गया।

ससुराल पहुंचे भाई, वहीं हुआ तिलक

जिन बहनों की शादी हो चुकी है, उनके भाई उनसे मिलने ससुराल पहुंचे। वहां भी बहनों ने पूरे रीति-रिवाज के साथ भाइयों को तिलक लगाया और उन्हें गरी का गोला व मिठाई भेंट की। दिनभर शहर से लेकर गांव तक लोगों की आवाजाही बनी रही, जिससे सड़कों पर चहल-पहल नजर आई।

जाम से निपटने के लिए तैनात रहा पुलिस बल

पर्व के चलते बसों में भीड़ बढ़ गई और कई प्रमुख सड़कों पर जाम की स्थिति बन गई। इससे बहनों को आने-जाने में परेशानी का सामना करना पड़ा। पुलिस-प्रशासन ने शहर के चौराहों और बाजारों में पुलिस बल तैनात कर यातायात को सुचारू करने का प्रयास किया, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली।

पुलिस की निगरानी से मिली राहत

सीओ ट्रैफिक जितेंद्र शर्मा ने बताया कि जाम से निजात दिलाने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है। प्रमुख मार्गों पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है, ताकि बहनों को आने-जाने में किसी तरह की दिक्कत न हो।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-sub-inspector-rahul-sisodia-becomes-an-ang/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DfmXrbxhIyF/?cplk=MTJmdWVwNHppdWZmbA==

1 Comment

Comments are closed