Hapur News : हापुड़ के दिल्ली रोड पर दो फर्नीचर दुकानों में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Hapur News : हापुड़ के दिल्ली रोड पर दो फर्नीचर दुकानों में लगी भीषण आग, लाखों का सामान जलकर राख

Hapur News : हापुड़ के नगर कोतवाली क्षेत्र के दिल्ली रोड पर सोमवार सुबह अचानक हड़कंप मच गया। यहां स्थित फर्नीचर की दो दुकानों में भीषण आग लग गई। आग की लपटें इतनी तेज थीं कि देखते ही देखते आसमान धुएं के गुबार से भर गया। हादसे के समय मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी फैल गई और आसपास के दुकानदार अपनी दुकानों को बचाने में जुट गए।

सूचना पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम

सोमवार सुबह दुकानों से धुआं और लपटें उठती देख स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तुरंत पुलिस, दुकान मालिकों और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही प्रभारी अग्निशमन अधिकारी अशद खान टीम के साथ मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू किया।

तीन दमकल गाड़ियों ने पाया आग पर काबू

आग की भयावहता को देखते हुए मौके पर एक के बाद एक तीन दमकल गाड़ियां बुलाई गईं। दुकान के अंदर से निकल रहे घने और जहरीले धुएं के कारण दमकलकर्मियों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। टीम ने सूझबूझ के साथ आग को चारों ओर से घेरकर पानी की बौछारें शुरू कीं। दमकल टीम की तत्परता से आग को आसपास की अन्य दुकानों और इमारतों तक फैलने से रोक लिया गया, जिससे व्यापारियों ने राहत की सांस ली।

लाखों का नुकसान, जांच में जुटी टीम

आग पर काबू तो पा लिया गया, लेकिन तब तक दुकानों में रखा लाखों रुपये का सामान जलकर राख हो चुका था। दुकान में रखी महंगी सीएनसी डिजाइनर मशीनें, तैयार फर्नीचर और कच्चा माल पूरी तरह नष्ट हो गया। दुकान मालिकों के अनुसार इस हादसे में भारी आर्थिक नुकसान हुआ है। मुख्य अग्निशमन अधिकारी अजय कुमार शर्मा ने बताया कि आग लगने के सही कारणों का अभी पता नहीं चल सका है। शॉर्ट सर्किट समेत अन्य बिंदुओं पर जांच की जा रही है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-illegal-firecracker-storage-busted-in-hapu/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DfOpzxQhCTf/?xtok=bGM3azN0Mmt2MmFo