Hapur News : हापुड़ में हाईवे पर लूट, मदद के बहाने रोका और 2.40 लाख लूटकर भागे बदमाश

Hapur News : हापुड़ में हाईवे पर लूट, मदद के बहाने रोका और 2.40 लाख लूटकर भागे बदमाश

Hapur News : हापुड़ में थाना देहात क्षेत्र के असरा गांव के पास देर रात भैंस खरीदने जा रहे दो भाइयों के साथ हथियारबंद बदमाशों ने बड़ी लूट की वारदात को अंजाम दिया। बदमाशों ने पहले मदद के नाम पर उनका वाहन रुकवाया और फिर हथियार दिखाकर 2 लाख 40 हजार रुपये लूट लिए।

मदद के बहाने दिया वारदात को अंजाम

पीड़ित मेरठ के मुंडाली थाना क्षेत्र के लोटी गांव निवासी संदीप और आकाश शनिवार रात छोटा हाथी वाहन से भैंस खरीदने मथुरा जा रहे थे। जैसे ही वे असरा गांव के पास पहुंचे, बाइक सवार एक युवक ने पेट्रोल खत्म होने का बहाना बनाकर उनसे मदद मांगी। दोनों ने मानवता के नाते वाहन रोक दिया, तभी पहले से घात लगाए चार अन्य बदमाश वहां आ पहुंचे।

हथियार दिखाकर बंधक बनाया, विरोध पर पीटा

आरोप है कि बदमाशों ने हथियार के बल पर दोनों भाइयों को बंधक बना लिया। उनके पास रखे 2.40 लाख रुपये लूट लिए गए। विरोध करने पर मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। इसके बाद सभी बदमाश अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गए।

अधिकारियों ने किया मौका मुआयना

घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी महेश कुमार, सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी और थाना प्रभारी पारस मलिक पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने पीड़ितों से पूछताछ की और घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया। रात में ही आसपास के जंगल और संदिग्ध ठिकानों पर तलाशी अभियान चलाया गया, लेकिन बदमाशों का पता नहीं चल सका।

चार टीमें गठित, सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस

एएसपी महेश कुमार ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। बदमाशों की गिरफ्तारी के लिए चार विशेष टीमें बनाई गई हैं। आसपास के मार्गों पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि बदमाशों की पहचान की जा सके।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/noida-police-encounter-aman-tyagi-randeep-bhati-gang/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DfMMlbxBwrx/?exln=NG9ua290aTJyNjF4

1 Comment

Comments are closed