Hapur News : जमानत पर बाहर आए आरोपी ने पीड़िता पर बनाया समझौते का दबाव, धमकी का केस दर्ज

Hapur News : जमानत पर बाहर आए आरोपी ने पीड़िता पर बनाया समझौते का दबाव, धमकी का केस दर्ज

Hapur News : नगर कोतवाली क्षेत्र के एक गांव में दुष्कर्म पीड़िता और उसके परिवार को धमकाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमानत पर बाहर आए आरोपी ने अपने पिता के साथ मिलकर पीड़िता को रास्ते में रोककर समझौते के लिए दबाव बनाया और इंकार करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़िता के पिता की शिकायत पर पुलिस ने दोनों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है।

पुलिस के अनुसार, कुछ महीने पहले गांव की युवती के साथ एक युवक ने दुष्कर्म किया था। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। वर्तमान में आरोपी जमानत पर बाहर चल रहा है।

पीड़ित परिवार का कहना है कि 24 जून की रात करीब साढ़े आठ बजे पीड़िता अपने भाई के साथ किसी काम से जा रही थी। तभी रास्ते में युवक और उसका पिता गुलफाम उर्फ कलवा मिल गए और दोनों ने उसे रोक लिया। आरोप है कि दोनों ने पुराने मुकदमे में राजीनामा करने का दबाव बनाया और ऐसा न करने पर पूरे परिवार को जान से मारने की धमकी दी।

इस घटना के बाद परिजन कोतवाली पहुंचे और तहरीर दी। नगर कोतवाली प्रभारी मनीष चौहान ने बताया कि पीड़िता के पिता की तहरीर पर युवक और उसके पिता के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।