Hapur News : स्वाति गर्ग को ‘दिल्ली गौरव अवॉर्ड 2026’ से सम्मान

Hapur News : स्वाति गर्ग को ‘दिल्ली गौरव अवॉर्ड 2026’ से सम्मान

Hapur News : बालिका शिक्षा, समाज सेवा और सामाजिक सशक्तिकरण के क्षेत्र में लंबे समय से किए जा रहे कार्यों के लिए शिक्षा भारती की अध्यक्ष स्वाति गर्ग को प्रतिष्ठित ‘दिल्ली गौरव अवॉर्ड 2026’ से सम्मानित किया गया। यह सम्मान उन्हें केंद्रीय कानून एवं न्याय मंत्री अर्जुन राम मेघवाल ने प्रदान किया। सम्मान समारोह रविवार को प्रधानमंत्री संग्रहालय एवं पुस्तकालय, नई दिल्ली के सभागार में संस्कृति युवा संस्था की ओर से आयोजित किया गया। कार्यक्रम में राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कलराज मिश्र और पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री तथा उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

तीन दशक से शिक्षा के क्षेत्र में सक्रिय

स्वाति गर्ग पिछले तीन दशकों से अधिक समय से बालिका शिक्षा और सामाजिक विकास के क्षेत्र में सक्रिय हैं। शिक्षा भारती के माध्यम से बालिकाओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के साथ-साथ जनजातीय बालिकाओं के लिए छात्रावास, कौशल विकास, व्यावसायिक प्रशिक्षण और सर्वांगीण विकास की विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं।

सम्मान को बताया सामूहिक प्रयास का परिणाम

सम्मान मिलने के बाद स्वाति गर्ग ने इसे भावनात्मक और प्रेरणादायक क्षण बताया। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि केवल उनकी व्यक्तिगत उपलब्धि नहीं है, बल्कि शिक्षा भारती परिवार से जुड़े शिक्षकों, कर्मचारियों, छात्राओं, अभिभावकों और शुभचिंतकों के निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि यह सम्मान उन्हें समाज और विशेष रूप से बालिकाओं के लिए शिक्षा के क्षेत्र में और अधिक समर्पण के साथ काम करने की प्रेरणा देगा।

शिक्षा से ही संभव है सशक्तिकरण

स्वाति गर्ग ने कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही बालिकाओं को आत्मनिर्भर, आत्मविश्वासी और सशक्त बनाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि शिक्षा भारती की पूरी यात्रा समाज के सहयोग और विश्वास से आगे बढ़ी है। संस्था का उद्देश्य प्रत्येक बालिका को बेहतर अवसर उपलब्ध कराकर उसे अपने सपनों को पूरा करने के लिए सक्षम बनाना है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *