Hapur News : हापुड़ में कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध खाद्य सामग्री मुहैया कराने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने बुधवार सुबह बड़ी कार्रवाई की। टीम ने लगभग 200 किलोग्राम संदिग्ध पनीर को मौके पर ही नष्ट कराया। साथ ही जांच के लिए पनीर के नमूने प्रयोगशाला भेजे गए हैं।
टोडलपुर से आ रही गाड़ी को सिंभावली में रोका गया
जिलाधिकारी के निर्देश पर सहायक आयुक्त खाद्य द्वितीय चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में विभागीय टीम ने सुबह करीब आठ बजे सिंभावली क्षेत्र के टोडलपुर की ओर से आ रही पनीर से लदी एक गाड़ी को रोका। जांच के दौरान पनीर के दो नमूने लिए गए। अधिकारियों के अनुसार पनीर स्वच्छता मानकों पर खरा नहीं उतरा और शुरुआती जांच में मिलावटी प्रतीत हुआ।
जेसीबी से गड्ढा खोदकर नष्ट की गई पूरी खेप
मिलावट की आशंका के चलते अधिकारियों ने पनीर की पूरी खेप को मौके पर ही जेसीबी से गड्ढा खुदवाकर नष्ट करा दिया। विभाग के मुताबिक नष्ट किए गए पनीर की मात्रा लगभग 200 किलोग्राम थी जिसकी अनुमानित कीमत करीब 44 हजार रुपये है। यह पनीर टोडलपुर निवासी जमील का बताया जा रहा है। कार्रवाई के दौरान मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार, खाद्य सुरक्षा अधिकारी सोवेन्द्र सिंह पंघाल और सहरिश सादात भी मौजूद रहे।
रिपोर्ट के बाद होगी कानूनी कार्रवाई
सहायक आयुक्त चंद्रशेखर मिश्र ने बताया कि लिए गए नमूनों को खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। रिपोर्ट मिलने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत आवश्यक विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को शुद्ध और सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिले में यह अभियान लगातार जारी रहेगा।



