Hapur News : हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में सोमवार रात अवैध खनन में लगी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सपनावत खंड के सह संपर्क प्रमुख सतीश कुमार उम्र 50 वर्ष की मौत हो गई। परिजनों ने इसे पुरानी रंजिश बताया है।
30 मीटर तक घसीटता ले गया चालक
जानकारी के अनुसार सतीश कुमार सोमवार रात करीब 9 बजे अपने घर के बाहर खड़े थे। तभी मिट्टी से भरी एक ट्रैक्टर ट्रॉली तेज गति से गांव से गुजरी और उन्हें टक्कर मार दी। आरोप है कि टक्कर के बाद सतीश ट्रैक्टर के नीचे फंस गए लेकिन चालक ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी।
ग्रामीणों ने पीछा किया तो गड्ढे में पलटा ट्रैक्टर
शोर सुनकर ग्रामीणों ने ट्रैक्टर का पीछा किया। घेराबंदी के दौरान चालक ने नियंत्रण खो दिया और ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। इस हादसे में ट्रैक्टर चालक घुंघराला निवासी कलीम भी गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सतीश कुमार को मृत घोषित कर दिया। घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ रेफर किया गया है।
परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप
मृतक के भतीजे मनोज कुमार ने बताया कि गांव में रात भर अवैध खनन से भरे ट्रैक्टर तेज गति से दौड़ते हैं जिसका ग्रामीणों ने कई बार विरोध किया था। परिजनों का आरोप है कि इसी रंजिश के चलते सतीश पर जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाया गया।
पुलिस ने ट्रैक्टर कब्जे में लिया, गांव में फोर्स तैनात
एएसपी विनीत भटनागर ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज किया जाएगा। दुर्घटनाग्रस्त ट्रैक्टर ट्रॉली को पुलिस ने कब्जे में ले लिया है और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। गांव में एहतियातन पुलिस बल तैनात किया गया है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-video-of-assault-and-vandalism-at-a/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DcvYiEqB6J9/?igsi=a2t1d2Y4bXhldW8w



