Hapur News : हापुड़ में विज्ञापन लेने के विवाद में पत्रकार नसीम अहमद की मौत के मामले ने तूल पकड़ लिया है। जरौठी रोड स्थित एक आटा मिल में हुई मारपीट की घटना के बाद पत्रकारिता जगत में आक्रोश है। मामले में थाना देहात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए आटा मिल मालिक समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया है, जहां से उन्हें रिमांड पर लिया गया है।
विज्ञापन को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस के अनुसार, घटना 18 अक्टूबर 2026 की है। पत्रकार नसीम अहमद अपने सहयोगियों के साथ जरौठी रोड स्थित आटा मिल पर विज्ञापन लेने के लिए पहुंचे थे। इसी दौरान किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर आरोपियों ने एकजुट होकर नसीम अहमद और उनके साथियों के साथ मारपीट की। इस दौरान नसीम अहमद के सीने पर घूंसे मारे गए, जिससे उन्हें गंभीर चोटें आईं। घायल अवस्था में उन्हें अस्पताल ले जाया गया, जहां उपचार के दौरान उनकी मौत हो गई।
दामाद की तहरीर पर दर्ज हुआ मुकदमा
मृतक के दामाद डॉ. शाहरुख की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज किया है। तहरीर में आरोप लगाया गया है कि विवाद के दौरान नसीम अहमद के साथ बेरहमी से मारपीट की गई। पुलिस ने शिकायत के आधार पर भारतीय न्याय संहिता की धारा 190, 191(2), 103(1), 352, 351(3) और 3(5) के तहत मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि घटना के पीछे की पूरी परिस्थिति और प्रत्येक आरोपी की भूमिका की पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
तीन आरोपी गिरफ्तार
थाना देहात पुलिस ने मामले में तीन नामजद आरोपियों को रॉयल एन्क्लेव कॉलोनी के पास से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान अशोक कुमार गुप्ता पुत्र मूलचंद, कपिल अग्रवाल पुत्र राम अवतार अग्रवाल और नरेश कुमार पुत्र स्वर्गीय सुरेशचंद्र के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार तीनों आरोपी हापुड़ देहात क्षेत्र के रहने वाले हैं। फिलहाल पुलिस मामले में आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है, वहीं परिवार में मातम का माहौल है और मामले की निष्पक्ष जांच की मांग उठ रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-major-success-for-hapurs-cyber-team-rs-490/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Deq_23IBS0-/?rpxt=YW85enAwdmZ0Z21s





Pingback: Hapur News : दशहरा पर्व को लेकर हापुड़ और पिलखुवा रामलीला मैदानों का अफसरों ने किया निरीक्षण - GBN Today