Hapur News : दशहरा पर्व की तैयारियों को लेकर हापुड़ प्रशासन सतर्क हो गया है। जिलाधिकारी कविता मीना और पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह ने हापुड़ के मुख्य रामलीला मैदान और पिलखुवा स्थित रामलीला मैदान का स्थलीय निरीक्षण कर सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
हापुड़ रामलीला मैदान में व्यवस्थाओं का जायजा
हापुड़ रामलीला मैदान में अधिकारियों ने मेले की सुरक्षा, बैरिकेडिंग, पार्किंग और प्रकाश व्यवस्था का निरीक्षण किया। इस दौरान रावण दहन स्थल और पुतलों की तैयारी को भी देखा गया, जहां पुतले की ऊंचाई लगभग 75 फीट बताई गई। अधिकारियों ने अग्निशमन और विद्युत विभाग को मौके पर सतर्क रहने के निर्देश दिए ताकि किसी भी आपात स्थिति से निपटा जा सके।
पिलखुवा मैदान में साफ-सफाई और सुरक्षा पर जोर
पिलखुवा रामलीला मैदान में मेला परिसर की साफ-सफाई, पेयजल और शौचालय व्यवस्था का निरीक्षण किया गया। जिलाधिकारी ने रामलीला समिति के पदाधिकारियों से बातचीत कर आवश्यक व्यवस्थाओं की जानकारी ली और भीड़ नियंत्रण व महिला सुरक्षा के लिए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए।
सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम के निर्देश
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दोनों मैदानों में रावण दहन के दौरान सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। फायर ब्रिगेड, एंबुलेंस और चिकित्सा दल को मौके पर मौजूद रहने के लिए कहा गया है। साथ ही आम जनता से अपील की गई है कि दशहरा पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाएं और प्रशासन का सहयोग करें।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-journalists-death-in-hapur-linked-to-an-ad/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Der1bgVB55u/?obrf=NXF2NHcxZTVqbTd6



