Hapur News : हापुड़ के पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र में सोमवार रात नेशनल हाईवे पर उस समय हड़कंप मच गया जब टोल प्लाजा के पास एक चलती रोडवेज बस में अचानक आग लग गई। बस से धुआं निकलता देख यात्रियों में अफरा तफरी फैल गई। चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत बस को हाईवे किनारे रोका और सभी यात्रियों को सुरक्षित नीचे उतारा।

पानी डालकर बुझाई आग
बस से यात्रियों के उतरने के बाद चालक ने पानी डालकर आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। कुछ ही देर में आग पर काबू पा लिया गया। गनीमत रही कि आग बस के अन्य हिस्सों तक नहीं फैली, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया। बस में सवार सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित बताए जा रहे हैं।
दिल्ली से बरेली जा रही थी बस
जानकारी के अनुसार यह बस रुहेलखंड डिपो की थी जो नई दिल्ली से बरेली जा रही थी। सोमवार रात करीब साढ़े दस बजे जब बस पिलखुवा टोल प्लाजा के पास पहुंची तो शॉर्ट सर्किट से बस में आग लग गई। बरेली निवासी चालक बिजेंद्र ने धुआं देखकर तुरंत बस रोक दी और यात्रियों को नीचे उतरने के लिए कहा।
पुलिस ने दूसरी बस से भेजा यात्रियों को
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने सभी यात्रियों को दूसरी बस का इंतजाम कर उनके गंतव्य की ओर रवाना कराया। वहीं आग से प्रभावित बस को हाईवे किनारे सुरक्षित खड़ा कराया गया है।
कोतवाली प्रभारी ने दी जानकारी
कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि बस में लगी आग मामूली थी और समय रहते उस पर काबू पा लिया गया। इस घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।





Pingback: Hapur News : हापुड़ के बदनौली जंगल में युवक की हत्या से सनसनी, अपने ही खेत में मिला शव - GBN Today