संभावित बाढ़ को लेकर गौतमबुद्धनगर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश

संभावित बाढ़ को लेकर गौतमबुद्धनगर प्रशासन अलर्ट, जिलाधिकारी ने दिए तैयारियां पूरी करने के निर्देश

गौतमबुद्धनगर, 18 अगस्त 2026: संभावित बाढ़ की स्थिति से निपटने के लिए गौतमबुद्धनगर के जिलाधिकारी की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभागार में समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिंचाई, राजस्व, स्वास्थ्य, पुलिस, लोक निर्माण, पशु चिकित्सा, विद्युत, आपूर्ति, जल निगम, विकास प्राधिकरण और नगर निकाय समेत विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने हिस्सा लिया।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ बाढ़ से जुड़ी तैयारियां समय-सीमा के भीतर पूरी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि आपदा की स्थिति में राहत एवं बचाव कार्यों में किसी तरह की बाधा न आए, इसके लिए संसाधनों, कर्मचारियों और संचार व्यवस्था को पहले से तैयार रखा जाए।

सिंचाई विभाग के अनुसार फिलहाल यमुना और हिंडन नदियों का जलस्तर सामान्य है। जिलाधिकारी ने बांधों, कटान स्थलों, रेनकट और रैटहोल वाले स्थानों का नियमित निरीक्षण करने तथा आवश्यक मरम्मत कराने के निर्देश दिए। साथ ही बालू की बोरियां, जियो बैग्स और अन्य राहत सामग्री पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रखने को कहा।

राजस्व विभाग को संभावित बाढ़ प्रभावित गांवों और परिवारों की सूची तैयार करने के साथ बीमार, असक्त लोगों और पांच वर्ष तक के बच्चों का अलग विवरण तैयार करने के निर्देश दिए गए। स्वास्थ्य विभाग को पर्याप्त दवाएं, पैरामेडिकल स्टाफ और बाढ़ चौकियों पर मेडिकल टीम की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया।

पुलिस विभाग को संभावित प्रभावित क्षेत्रों में नाव, गोताखोर, पीएसी बाढ़ वाहिनी और संचार उपकरणों की व्यवस्था पहले से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए। वहीं विद्युत विभाग को खराब ट्रांसफार्मर, पोल और लूज तारों को समय से दुरुस्त करने तथा बाढ़ चौकियों पर बिजली की आपूर्ति बनाए रखने को कहा गया।

विकास प्राधिकरणों और नगर निकायों को जलभराव की नियमित निगरानी, नालों की सफाई और जल निकासी की व्यवस्था दुरुस्त रखने के निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि संभावित बाढ़ को गंभीरता से लेते हुए सभी विभाग अपनी तैयारियां समय से पूरी करें, ताकि जरूरत पड़ने पर आमजन को तत्काल राहत और सहायता उपलब्ध कराई जा सके।