आगरा धर्मांतरण कांड: फंडिंग मास्टर दाऊद अहमद पर पुलिस का शिकंजा, भोपाल में घर पर नोटिस चस्पा; पाकिस्तान-कनाडा से जुड़े तार

आगरा धर्मांतरण कांड: फंडिंग मास्टर दाऊद अहमद पर पुलिस का शिकंजा, भोपाल में घर पर नोटिस चस्पा; पाकिस्तान-कनाडा से जुड़े तार

आगरा: ताजनगरी में सगी बहनों के धर्मांतरण मामले में आगरा पुलिस अब देश के बाहर बैठे मास्टरमाइंड्स पर बड़ी कार्रवाई की तैयारी में है। इस अंतरराष्ट्रीय धर्मांतरण गैंग के ‘फडिंग मास्टर’ दाऊद अहमद के खिलाफ पुलिस ने शिकंजा कस दिया है। आगरा पुलिस की एक टीम ने भोपाल स्थित दाऊद के घर पर कुर्की से पहले की नोटिस चस्पा कर दी है।

कनाडा में बैठा है फंडिंग का सरगना

​पुलिस जांच में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि गैंग का मुख्य फंडिंग मास्टर दाऊद अहमद वर्तमान में कनाडा में रह रहा है। वहीं से वह धर्मांतरण के इस काले खेल के लिए पैसों का इंतजाम करता था। ताज्जुब की बात यह है कि दाऊद के तार पाकिस्तान से भी जुड़े होने के सबूत पुलिस के हाथ लगे हैं। विदेशी फंडिंग के जरिए देश के विभिन्न हिस्सों में सुनियोजित तरीके से धर्मांतरण का सिंडिकेट चलाया जा रहा था।

भोपाल में कुर्की की तैयारी

​आगरा पुलिस ने भोपाल में दाऊद के आवास पर मुनादी कराते हुए नोटिस चस्पा कर दी है। अब पुलिस जल्द ही कोर्ट में कुर्की (82/83 सीआरपीसी) के आदेश के लिए प्रार्थना पत्र देगी। यदि आरोपी समय सीमा के भीतर पेश नहीं होता है, तो उसकी संपत्तियों को कुर्क कर लिया जाएगा। बता दें कि दाऊद अहमद के खिलाफ आगरा के सदर थाने में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज है।

अब तक 6 राज्यों से 13 गिरफ्तार

​इस बड़े धर्मांतरण नेटवर्क का खुलासा करते हुए पुलिस कमिश्नर दीपक कुमार के नेतृत्व में आगरा पुलिस अब तक देश के 6 राज्यों से 13 आरोपियों को सलाखों के पीछे भेज चुकी है। पुलिस कमिश्नर खुद इस बेहद संवेदनशील मामले की बारीकी से मॉनिटरिंग कर रहे हैं ताकि गैंग के पूरे इकोसिस्टम को ध्वस्त किया जा सके।

सगी बहनों के धर्मांतरण से शुरू हुई थी जांच

​यह पूरा मामला आगरा की दो सगी बहनों के जबरन धर्मांतरण की कोशिश के बाद सामने आया था। पुलिस ने जब जांच शुरू की, तो परत-दर-परत खुलती गई और पता चला कि यह कोई स्थानीय घटना नहीं बल्कि एक अंतरराष्ट्रीय साजिश है, जिसके तार कनाडा, पाकिस्तान और भारत के कई राज्यों तक फैले हुए हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *