दिल्ली से पकड़ा गया बिहार के मर्डर केस का वांटेड आरोपी, दिल्ली क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन

दिल्ली से पकड़ा गया बिहार के मर्डर केस का वांटेड आरोपी, दिल्ली क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस का संयुक्त ऑपरेशन

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच और बिहार पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए बिहार के एक हत्या मामले में पिछले पांच महीनों से फरार चल रहे कुख्यात आरोपी को दिल्ली से गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को दिल्ली के किराड़ी इलाके से पकड़ा गया, जिसके बाद उसे आगे की कानूनी कार्रवाई के लिए बिहार पुलिस को सौंप दिया गया।

पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान बाबुल कुमार के रूप में हुई है, जो बिहार के महिंदवाड़ा थाना क्षेत्र में दर्ज एक हत्या के मामले में वांछित था। यह मामला 29 अगस्त 2025 को दर्ज किया गया था।

डिलीवरी एजेंट की गोली मारकर हत्या

जांच के अनुसार, बाबुल कुमार अपने साथियों के साथ मिलकर एक डिलीवरी एजेंट को लूटने की कोशिश कर रहा था। जब पीड़ित ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उसे गोली मार दी। गोली लगने से डिलीवरी एजेंट की मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी अपने साथियों के साथ फरार हो गया था।

दिल्ली में छिपे होने की मिली थी सूचना

मामले की जांच के दौरान बिहार पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी दिल्ली में कहीं छिपा हुआ है। हालांकि उसका सटीक ठिकाना पता नहीं चल पा रहा था। इसके बाद बिहार पुलिस ने दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच से मदद मांगी।

एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड को सौंपी गई जिम्मेदारी

दिल्ली क्राइम ब्रांच की एंटी गैंगस्टर स्क्वॉड (AGS) को आरोपी को पकड़ने की जिम्मेदारी दी गई। यह पूरी कार्रवाई डीसीपी क्राइम ब्रांच हर्ष इंदोरा की निगरानी में की गई।

12 मार्च 2026 को बिहार पुलिस और क्राइम ब्रांच की संयुक्त टीम दिल्ली के किराड़ी इलाके में पहुंची और आरोपी की तलाश शुरू की। पूरे दिन की तलाश के बावजूद आरोपी का कोई सुराग नहीं मिला।

बाथरूम में छिपा मिला आरोपी

अगले दिन यानी 13 मार्च की सुबह पुलिस को आरोपी की सटीक लोकेशन का पता चला। इसके बाद टीम ने किराड़ी के रतन विहार इलाके में गली नंबर-1 स्थित एक मकान पर छापा मारा।

छापे के दौरान आरोपी ने खुद को बचाने के लिए बिल्डिंग की सबसे ऊपरी मंजिल पर बने बाथरूम में छिपने की कोशिश की, लेकिन पुलिस टीम ने उसे ढूंढकर गिरफ्तार कर लिया।

पहले भी जा चुका है जेल

पुलिस जांच में सामने आया है कि बाबुल कुमार बिहार के पुनरारवाड़ा गांव का रहने वाला है और उसने 12वीं तक पढ़ाई की है। इसके बाद वह स्थानीय अपराधियों के संपर्क में आ गया और उनके साथ मिलकर लूटपाट की वारदातों में शामिल होने लगा।

साल 2023 में उसने पहली बार अपराध किया था, जिसके बाद उसे जेल भी जाना पड़ा था। जेल से बाहर आने के बाद भी उसने अपराध की दुनिया नहीं छोड़ी।

दिल्ली में छिपकर कर रहा था काम

हत्या की वारदात के बाद बाबुल कुमार बिहार से भागकर दिल्ली आ गया था। यहां वह किराड़ी के सुलेमान नगर इलाके में रह रहा था और पिछले करीब छह महीनों से वेल्डर का काम कर रहा था।

पुलिस के अनुसार आरोपी के खिलाफ बिहार में लूट, डकैती और आर्म्स एक्ट के कई मामले पहले से दर्ज हैं। फिलहाल उसे आगे की जांच और कानूनी कार्रवाई के लिए बिहार पुलिस को सौंप दिया गया है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *