Hapur News : हापुड़ में अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा सप्ताह पर निकली यातायात जागरूकता रैली, एसपी ने दिखाई हरी झंडी

Hapur News : हापुड़ में अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा सप्ताह पर निकली यातायात जागरूकता रैली, एसपी ने दिखाई हरी झंडी

Hapur News : अंतर्राष्ट्रीय सांकेतिक भाषा सप्ताह के अंतर्गत जनपद हापुड़ में एक अनूठी पहल देखने को मिली। बधिर कल्याण संघ हापुड़ के संयोजन में यातायात पुलिस और डिसएबल्ड हेल्पलाइन फाउंडेशन के सहयोग से नगर पालिका परिषद हापुड़ परिसर से यातायात जागरूकता रैली का आयोजन किया गया। इस रैली का उद्देश्य सड़क सुरक्षा के प्रति लोगों को जागरूक करना और मूक बधिर वाहन चालकों के अधिकारों और उनकी पहचान को बढ़ावा देना रहा।

पुलिस अधीक्षक ने की अपील, दिव्यांग चालकों के प्रति संवेदनशीलता बरतने का दिया संदेश

रैली का शुभारंभ पुलिस अधीक्षक ज्ञानंजय सिंह, डिसएबल्ड हेल्पलाइन फाउंडेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष पंडित विकास शर्मा और नगर पालिका अध्यक्ष पुष्पा देवी ने संयुक्त रूप से हरी झंडी दिखाकर किया। रैली को रवाना करते हुए एसपी ज्ञानंजय सिंह ने लोगों से अपील की कि वे सड़क पर चलते समय बधिर दिव्यांग चालकों के प्रति विशेष संवेदनशीलता और संयम बरतें। उन्होंने कहा कि यातायात नियमों का पालन हर नागरिक का कर्तव्य है और दिव्यांग चालकों को सुरक्षित माहौल देना समाज की नैतिक जिम्मेदारी है।

मूक बधिर चालकों को भी मिलता है ड्राइविंग लाइसेंस, सांकेतिक चिन्हों से वाहनों की पहचान पर जोर

समारोह में पंडित विकास शर्मा ने कहा कि सरकार दिव्यांग जनों और मूक बधिर नागरिकों को समावेशी यातायात नियमों के तहत वाहन चलाने का पूरा अधिकार देती है। नियमानुसार अर्हता पूरी करने पर बधिर जनों को ड्राइविंग लाइसेंस भी जारी किए जाते हैं। इस रैली का मुख्य उद्देश्य बधिरों के निजी वाहनों को सड़क पर आसानी से चिन्हित करने के लिए सांकेतिक भाषा से जुड़े यातायात चिन्हों का प्रचार प्रसार करना है। बधिर प्रतिनिधि मनीष पवांर और रितेश गोयल ने बताया कि इस अभियान के तहत मूक बधिर चालकों और उनके वाहनों को विशेष पहचान देने का काम किया गया है। इस अवसर पर सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी, यातायात प्रभारी नरेश चौधरी सहित कई गणमान्य लोग और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

ये भी देखें : https://gbntoday.com/hapur-news-asp-conducted-annual-inspection-of-city-po/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdyewugB7El/?stkn=MTc1OTN0bnkzd3hpZQ==