Hapur News : हापुड़ में लाठी डंडों से पीटकर की गई मुंशी की हत्या, पुलिस अधिकारी मौके पर

Hapur News : हापुड़ में लाठी डंडों से पीटकर की गई मुंशी की हत्या, पुलिस अधिकारी मौके पर

Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर कोतवाली क्षेत्र के गांव शाहपुर चौधरी में पुरानी कहासुनी ने एक व्यक्ति की जान ले ली। शुक्रवार शाम हुए हमले में घायल अधिवक्ता के मुंशी की मेरठ में इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना से गांव में तनाव का माहौल है और परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है।

मृतक महकर सिंह उम्र करीब 52 वर्ष गांव शाहपुर चौधरी का रहने वाला था। वह गाजियाबाद में एक अधिवक्ता के यहां मुंशी के तौर पर काम करता था। परिवार का कहना है कि पड़ोस में रहने वाले कुछ लोगों से उसका विवाद चल रहा था। आरोप है कि शुक्रवार शाम जब वह काम से वापस लौट रहा था तो गांव की अंडा फैक्टरी के पास कुछ लोगों ने उसे घेरकर लाठी डंडों से पीट दिया और लहूलुहान हालत में छोड़कर भाग गए।

घायल को परिजन पहले स्थानीय अस्पताल ले गए। हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने उसे मेरठ के लिए रेफर कर दिया। मेरठ में उपचार के दौरान उसने दम तोड़ दिया। मौत की खबर गांव पहुंचते ही परिवार में चीख पुकार मच गई।

सूचना पर अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर, सीओ राहुल यादव और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक देवेंद्र बिष्ट पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और गांव में अतिरिक्त बल तैनात कर दिया।

कोतवाली प्रभारी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों को लगाया गया है और जल्द ही उन्हें पकड़ लिया जाएगा।