Hapur News : हापुड़ के साइबर थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह को मिला राष्ट्रपति गैलेंट्री मेडल, डीजीपी ने किया सम्मानित

Hapur News : हापुड़ के साइबर थाना प्रभारी मुनीष प्रताप सिंह को मिला राष्ट्रपति गैलेंट्री मेडल, डीजीपी ने किया सम्मानित

Hapur News : उत्तर प्रदेश पुलिस के जांबाज अधिकारी और हापुड़ साइबर थाना प्रभारी निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह ने एक बार फिर विभाग और जिले का गौरव बढ़ाया है। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर लखनऊ स्थित पुलिस मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें उनकी असाधारण बहादुरी के लिए ‘राष्ट्रपति गैलेंट्री मेडल’ से सम्मानित किया गया। पुलिस महानिदेशक राजीव कृष्णा ने उन्हें यह प्रतिष्ठित पदक पहनाकर सम्मानित किया।

यह सम्मान मुनीष प्रताप सिंह को 21 जुलाई 2021 को नोएडा में दिखाए गए अदम्य साहस के लिए मिला है। उस समय वह सेक्टर-20 कोतवाली के प्रभारी थे। पुलिस को सूचना मिली थी कि दो लाख रुपये का इनामी और मोस्ट वांटेड अपराधी अजय कालिया सेक्टर-14 के नाले के पास छिपा है। सूचना पर मुनीष प्रताप सिंह ने अपनी टीम के साथ तत्काल घेराबंदी की। खुद को घिरा देख कालिया ने पुलिस पर अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई के दौरान इस कुख्यात बदमाश को मार गिराया गया।

अजय कालिया सामान्य अपराधी नहीं था। वह एक्सल गैंग का सरगना था जो हाईवे पर वाहनों के टायर पंचर कर लूटपाट, डकैती और अन्य जघन्य वारदातों को अंजाम देता था। वह 2016 के चर्चित बुलंदशहर हाईवे कांड का मुख्य आरोपी भी था। इसके अलावा वह सीबीआई के साथ मथुरा, अलीगढ़, बदायूं और हरियाणा के पलवल पुलिस की वांछित सूची में भी शामिल था। बुलंदशहर कांड में उसने मां-बेटी से दुष्कर्म और लूट की वारदात की थी। अलीगढ़ और मथुरा में भी एक्सप्रेस-वे पर लूट की घटनाओं में उसकी संलिप्तता सामने आई थी।

निरीक्षक मुनीष प्रताप सिंह का कार्यकाल हमेशा उत्कृष्ट पुलिसिंग और साहस का उदाहरण रहा है। राष्ट्रपति गैलेंट्री मेडल से पहले भी उन्हें उत्कृष्ट सेवा सम्मान पदक, डीजी प्रशस्ति चिन्ह और सराहनीय सेवा सम्मान जैसे पुरस्कार मिल चुके हैं।

इस उपलब्धि पर हापुड़ के पुलिस अधीक्षक कुंवर ज्ञानंजय सिंह, अपर पुलिस अधीक्षक विनीत भटनागर सहित जनपद के वरिष्ठ अधिकारियों और पुलिसकर्मियों ने मुनीष प्रताप सिंह को बधाई दी है और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *