नोएडा: गौतमबुद्धनगर में आपातकालीन सेवाओं को और अधिक चुस्त-दुरुस्त बनाने के लिए नोएडा पुलिस ने बड़ा कदम उठाया है। पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने आज सेक्टर-108 स्थित पुलिस आयुक्त कार्यालय से डायल-112 के बेड़े में शामिल हुए 25 नए दुपहिया वाहनों (बाइक्स) को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इमरजेंसी रिस्पॉन्स सिस्टम होगा और मजबूत
इन नए वाहनों के बेड़े में शामिल होने से शहर के संकरे रास्तों और भारी ट्रैफिक वाले इलाकों में पुलिस की पहुंच और भी आसान हो जाएगी। इस कदम का मुख्य उद्देश्य ‘रिस्पॉन्स टाइम’ को कम करना है ताकि किसी भी आपात स्थिति में सूचना मिलते ही पुलिस की टीम बिना समय गंवाए मौके पर पहुंच सके।
“सूचना मिलते ही तुरंत पहुंचेगी टीम” – लक्ष्मी सिंह
हरी झंडी दिखाने के बाद पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह ने कहा कि नोएडा जैसे तेजी से बढ़ते शहर में पुलिसिंग व्यवस्था को आधुनिक बनाना हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास दिलाया कि डायल-112 की टीमें अब और भी अधिक सक्रियता से कार्य करेंगी और घटना की जानकारी मिलते ही तत्काल मौके पर पहुंचकर पीड़ित की सहायता करेंगी।
पुलिसिंग व्यवस्था में सुधार की कवायद
डायल-112 की इन नई बाइक्स को शहर के अलग-अलग महत्वपूर्ण और संवेदनशील पॉइंट्स पर तैनात किया जाएगा। अधिकारियों का मानना है कि चार पहिया वाहनों के मुकाबले बाइक्स भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में तेजी से निकल सकती हैं, जिससे इमरजेंसी रिस्पॉन्स और पुलिसिंग व्यवस्था को नई मजबूती मिलेगी।
इस अवसर पर जिले के कई अन्य वरिष्ठ पुलिस अधिकारी भी मौजूद रहे।
