Hapur News : हापुड़ में मामूली टक्कर के बाद युवक को पीट-पीटकर मार डाला, इलाके में आक्रोश

Hapur News : हापुड़ में मामूली टक्कर के बाद युवक को पीट-पीटकर मार डाला, इलाके में आक्रोश

Hapur News : पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के पबला रोड पर सोमवार शाम रोडरेज की घटना में 22 वर्षीय युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। स्कूटी की टक्कर के बाद शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते मारपीट में बदल गया। हमले में युवक के सिर में गंभीर चोट आई। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान और घटना का कारण


मृतक की पहचान छिद्दापुरी निवासी नीशू पुत्र अनिल कश्यप के रूप में हुई है। वह हापुड़ की एक कपड़ा फैक्ट्री में मजदूरी करता था। पिता अनिल कश्यप के मुताबिक नीशू सोमवार शाम करीब 7 बजे स्कूटी से घर लौट रहा था। पबला रोड पर स्कूटी सवार कुछ युवकों ने उसकी स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर के बाद नीशू और स्कूटी सवार युवकों में कहासुनी होने लगी। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर स्कूटी सवार युवकों ने अपने कुछ साथियों को बुला लिया और नीशू के साथ मारपीट शुरू कर दी।

सिर में गंभीर चोट से हुई मौत


मारपीट में नीशू के सिर में गंभीर चोट लगी। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उसे अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। आसपास के लोगों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई गई।

पुलिस ने शुरू की जांच, आरोपियों की तलाश जारी

घटना की जानकारी मिलते ही सीओ मुनीश चंद्र और कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज बालियान मौके पर पहुंचे। पुलिस मारपीट में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है। कोतवाली प्रभारी मनोज बालियान ने बताया कि युवक की मौत के मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/national-lok-adalat-2026-gautam-buddh-nagar/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DctlRpGhdBs/?igsi=MTVmajEyOXN6c3R6Nw==