Hapur News : हापुड़ में महिला की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप

Hapur News : हापुड़ में महिला की संदिग्ध मौत, दहेज हत्या का आरोप

Hapur News : हापुड़ में पिलखुवा कोतवाली क्षेत्र के गांव हावल में करीब 28 वर्षीय विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। महिला करीब छह माह की गर्भवती बताई जा रही है। घटना के बाद से ससुराल पक्ष में हड़कंप मचा हुआ है। महिला के मायके वालों ने हत्या का आरोप लगाकर कार्रवाई की मांग की है।

भाई ने पति और ससुराल पक्ष पर लगाया दहेज उत्पीड़न का आरोप

मृतका के भाई ने पिलखुवा कोतवाली में तहरीर देकर पति कासिम और ससुराल पक्ष पर दहेज के लिए प्रताड़ित करने और हत्या करने का आरोप लगाया है। तहरीर के अनुसार बुलंदशहर निवासी रुबीना की शादी चार साल पहले हावल निवासी कासिम के साथ हुई थी।

शादी में हैसियत से दिया था दान-दहेज

मायके पक्ष का कहना है कि शादी में हैसियत के हिसाब से लाखों रुपये खर्च किए गए थे, फिर भी ससुराल पक्ष अतिरिक्त दहेज की मांग कर रहा था। आरोप है कि ससुराल वाले कार और कारोबार के लिए रुपये की मांग कर रहे थे। मांग पूरी न होने पर रुबीना के साथ मारपीट और मानसिक उत्पीड़न किया जाता था। गर्भावस्था के दौरान भी उस पर दहेज के लिए दबाव बनाया जा रहा था।

रात तीन बजे दी मौत की सूचना

शिकायतकर्ता ने बताया कि मंगलवार रात करीब तीन बजे ससुराल वालों ने फोन कर महिला की मौत की सूचना दी। परिजनों का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर रुबीना की हत्या कर दी गई। सूचना पर मायके वाले गांव पहुंचे और पुलिस को जानकारी दी।

पुलिस जांच में जुटी, पोस्टमार्टम रिपोर्ट से होगा खुलासा

पिलखुवा कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनोज कुमार बालियान ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मौत के सही कारणों का पता पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही चल पाएगा। रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-out-of-control-canter-truck-wreaks-havoc/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DdliqOShR77/?stkn=MTR1Yndnc3VzZXp2dA==

1 Comment

Comments are closed