नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में शराब तस्करों ने पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए एक ऐसा नायाब तरीका निकाला जिसे देखकर खाकी भी हैरान रह गई। दक्षिण जिला पुलिस (South District) की स्पेशल स्टाफ टीम ने संगम विहार के जंगली इलाकों में छापेमारी कर अवैध शराब तस्करी के एक बेहद अनोखे गिरोह का पर्दाफाश किया है। इस गिरोह द्वारा तस्करी के लिए ऊंटों (Camels) का इस्तेमाल किया जा रहा था।
चेकिंग से बचने के लिए चुना ‘रेगिस्तानी’ रास्ता
आमतौर पर तस्कर शराब ढोने के लिए लग्जरी कारों या दोपहिया वाहनों का सहारा लेते हैं, लेकिन आरोपी विनोद भड़ाना ने पुलिस की पिकेट और सड़कों पर होने वाली कड़ी चेकिंग से बचने के लिए ऊंटों का चुनाव किया। ये तस्कर जंगलों के दुर्गम रास्तों से ऊंटों पर शराब लादकर दिल्ली में सप्लाई कर रहे थे ताकि किसी को शक न हो।
गुप्त सूचना पर बिछाया गया जाल
29 और 30 मार्च की दरमियानी रात को स्पेशल स्टाफ को इन तस्करों की आवाजाही की गुप्त सूचना मिली थी। पुलिस टीम ने तुरंत कार्रवाई करते हुए संगम विहार के जंगली इलाके में जाल बिछाया। अंधेरे का फायदा उठाकर निकल रहे आरोपी विनोद भड़ाना को पुलिस ने रंगे हाथ दबोच लिया। मौके से पुलिस ने दो ऊंट भी बरामद किए, जिन्हें बाद में संबंधित विभाग को सुरक्षित सौंप दिया गया।
बड़ी खेप बरामद, आरोपी पुराना अपराधी
पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 39 कार्टन अवैध शराब बरामद की है, जिसमें कुल 1938 क्वार्टर शामिल हैं। जांच में सामने आया है कि आरोपी विनोद भड़ाना पहले भी आबकारी अधिनियम (Excise Act) के तहत कई मामलों में संलिप्त रह चुका है।
“तस्करों ने सड़कों के बजाय जंगल और ऊंटों का सहारा लिया ताकि वे सीसीटीवी और पुलिस नाकों की नजर से बच सकें। फिलहाल पूरे नेटवर्क को खंगालने के लिए पूछताछ जारी है।” – पुलिस अधिकारी

