Hapur News : गढ़मुक्तेश्वर में लगने वाले कार्तिक पूर्णिमा मेले को लेकर पुलिस प्रशासन ने यातायात व्यवस्था को सुचारू रखने के लिए विशेष तैयारी की है। मेले के दौरान श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए रूट डायवर्जन लागू किया गया है, ताकि किसी भी श्रद्धालु और वाहन चालक को परेशानी का सामना न करना पड़े। भारी वाहनों और हल्के वाहनों के लिए अलग-अलग समय और अलग-अलग रास्ते तय किए गए हैं।

भारी वाहनों के लिए पांच दिन रहेगी विशेष व्यवस्था
मेले के दौरान भारी और मालवाहक वाहनों के लिए डायवर्जन व्यवस्था 21 नवंबर दोपहर 12 बजे से शुरू होकर 25 नवंबर शाम 8 बजे तक लागू रहेगी। इस दौरान निर्धारित रास्तों से ही भारी वाहनों को आवागमन की अनुमति होगी। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि व्यवस्था का उद्देश्य जाम से बचाना और श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करना है।

हल्के वाहनों को भी बदले रास्तों से भेजा जाएगा
हल्के वाहनों के लिए डायवर्जन 22 नवंबर सुबह 8 बजे से 25 नवंबर शाम 8 बजे तक प्रभावी रहेगा। जरूरत पड़ने पर हल्के वाहनों को भी वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा। यातायात पुलिस के अनुसार 23 और 24 नवंबर को श्रद्धालुओं की संख्या बढ़ने पर कुछ समय के लिए जीरो ट्रैफिक व्यवस्था भी लागू की जा सकती है।
दिल्ली-गाजियाबाद से आने वाले वाहनों का रूट
दिल्ली और गाजियाबाद से अमरोहा की ओर जाने वाले भारी वाहनों को हापुड़ से सिम्भावली कट के रास्ते गंगा एक्सप्रेस-वे पर भेजा जाएगा। ये वाहन मेरठ के 32.5 किलोमीटर माइलस्टोन से यू-टर्न लेकर हसनपुर गवां या सम्भल कट से आगे बढ़ेंगे। वहीं हल्के वाहन सिम्भावली कट के खुडलिया अंडरपास से एक्सप्रेस-वे पर जाएंगे और हसनपुर गवां या सम्भल कट के जरिए अपने गंतव्य तक पहुंचेंगे।
गजरौला, अमरोहा और मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहन
गजरौला और अमरोहा से दिल्ली, गाजियाबाद व हापुड़ आने वाले मालवाहक वाहन हसनपुर गवां कट से एक्सप्रेस-वे पर चढ़ेंगे और सिम्भावली कट से एनएच-9 पर निकलेंगे। मुरादाबाद से दिल्ली और गाजियाबाद जाने वाले भारी वाहनों को चन्दौसी और सम्भल कट से गंगा एक्सप्रेस-वे के रास्ते सिम्भावली पहुंचना होगा। इसके बाद वे एनएच-9 से आगे जाएंगे। मेरठ और किठौर से गढ़मुक्तेश्वर, स्याना व मुरादाबाद जाने वाले भारी वाहन किठौर से टियाला, ततारपुर और सिम्भावली कट होकर निकलेंगे।
पुलिस की अपील, यात्रा से पहले लें जानकारी
एसपी मधुवन सिंह ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे तय रास्तों का ही पालन करें और घर से निकलने से पहले डायवर्जन की जानकारी अवश्य लें। उन्होंने कहा कि पुलिस का प्रयास है कि मेले में आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो और यातायात व्यवस्था सुचारू बनी रहे।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-police-take-action-in-the-case-of-a-pistol/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Df5OClUhBpS/?knvt=cDNva214Y2c2bDlu



