Hapur News : हापुड़ में भैंसा बुग्गी के आगे पिस्टल से फायरिंग करने में मामले में पुलिस का एक्शन, चार युवक दबोचे

Hapur News : हापुड़ में भैंसा बुग्गी के आगे पिस्टल से फायरिंग करने में मामले में पुलिस का एक्शन, चार युवक दबोचे

Hapur News : भैंसा बुग्गी के आगे जीप दौड़ाकर पिस्टल से फायरिंग करने और चालक को धमकाने के मामले में पुलिस ने चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने तेजी से कार्रवाई करते हुए 24 घंटे के अंदर ही आरोपियों को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद आरोपी हाथ जोड़कर माफी मांगते नजर आए। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल दोनों वाहनों को सीज कर दिया है।

बुग्गी के आगे जीप दौड़ाकर की फायरिंग

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 16 नवंबर की रात गढ़मुक्तेश्वर क्षेत्र के रसूलाबाद नानपुर में भैंसा बुग्गी के आगे थार जोंगा जीप दौड़ाई जा रही थी। जीप में चार युवक सवार थे। आरोप है कि उनमें से एक युवक ने पिस्टल निकालकर भैंसा बुग्गी की तरफ फायरिंग की और उसे तेज दौड़ाने के लिए धमकाया। पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर सामने आया तो पुलिस हरकत में आ गई।

वीडियो के बाद दर्ज हुआ मुकदमा

वीडियो वायरल होने के बाद गढ़ कोतवाली में मुकदमा दर्ज किया गया। पुलिस ने सीसीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों तथा वाहनों की पहचान की। पुलिस अधीक्षक मधुवन कुमार सिंह ने बताया कि वीडियो के आधार पर ही आरोपियों को चिन्हित किया गया। पुलिस टीम ने नानपुर हाईवे पर फ्लाईओवर के नीचे दबिश देकर चारों को गिरफ्तार कर लिया।

तीन आरोपियों पर पहले से दर्ज हैं केस

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान मेरठ के मोहिउद्दीनपुर निवासी अरुण राणा, आर्यन नेहरा और आर्यन उर्फ गुल्लू तथा गाजियाबाद के पतला निवाड़ी निवासी राजू उर्फ उदय चौधरी के रूप में हुई है। गिरफ्तार आरोपियों में से तीन के खिलाफ पहले से आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस ने घटना में इस्तेमाल थार और जोंगा जीप को सीज कर दिया है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-a-grand-congregation-of-faith-begins-in-kh/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Df2JrxOBbfs/?jplx=cm1jMDBpOXprYnBy