Hapur News : कार्तिक पूर्णिमा के पावन अवसर पर खादर में लगने वाले ऐतिहासिक गंगा स्नान मेले की मंगलवार शाम भव्य शुरुआत हुई। श्रद्धा और आस्था के इस महापर्व पर पूरा मेला क्षेत्र भक्तिमय माहौल में डूबा नजर आया। गंगा महोत्सव के शुभारंभ के साथ ही श्रद्धालुओं का सैलाब उमड़ने लगा।
वैदिक मंत्रों के बीच हुआ उद्घाटन
मेले का उद्घाटन प्रभारी मंत्री केपी मलिक ने किया। उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार और परंपरागत विधि विधान के साथ फीता काटा। इस मौके पर उन्होंने शांति का संदेश देने वाले गुब्बारों को आसमान में छोड़ा। मेले में किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए तैयार 18 बाइक एंबुलेंस को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इसके बाद विधि विधान से गंगा मैया की पूजा अर्चना और आरती संपन्न हुई।
दूर दूर से पहुंच रहे श्रद्धालु
गंगा मेले में दिल्ली, हरियाणा, राजस्थान समेत पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विभिन्न जिलों से श्रद्धालु बड़ी संख्या में पहुंच रहे हैं। चतुर्दशी के दीपदान और पूर्णिमा के मुख्य स्नान पर 35 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं के जुटने की संभावना जताई जा रही है। इससे पहले मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ 14 नवंबर को मेला स्थल का दौरा कर व्यवस्थाओं की समीक्षा कर चुके हैं।
हवन स्थल पर विश्व कल्याण की प्रार्थना
उद्घाटन कार्यक्रम के बाद प्रभारी मंत्री मुख्य स्नान घाट के समीप स्थित हवन स्थल पहुंचे। वहां उन्होंने जनप्रतिनिधियों और अधिकारियों के साथ हवन में आहुति अर्पित की। इस दौरान विश्व में शांति और मानव कल्याण के लिए प्रार्थना की गई। बाद में गंगा मैया की पूजा और आरती भी की गई।
सीएम के लगाव का किया जिक्र
अपने संबोधन में प्रभारी मंत्री ने केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं और उपलब्धियों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस गढ़ गंगा मेले से खास जुड़ाव है। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को पहले ही आवश्यक दिशा निर्देश दिए हैं।
जनप्रतिनिधि और अधिकारी रहे उपस्थित
समारोह में विधायक हरेंद्र तेवतिया, जिलाधिकारी कविता मीणा, पुलिस अधीक्षक मधुबन कुमार सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष रेखा नागर, मुख्य विकास अधिकारी श्रुति शर्मा सहित कई जनप्रतिनिधि, अधिकारी और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-road-safety-fortnight-begins-in-hapur-dist/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Df2Tm6WNr9P/?exln=MWdwZDk4czVtMzVkeg==



