Hapur News : जनपद हापुड़ में बहादुरगढ़ थाना क्षेत्र के शंकराटीला गांव में खादर की जमीन को लेकर विवाद में खूनी संघर्ष हो गया। खेतों में काम कर रहे किसानों पर गंगा पार से आए हमलावरों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोलियों की आवाज से क्षेत्र में अफरा तफरी मच गई। जान बचाने के लिए किसानों को खेतों से भागना पड़ा। हमलावरों ने किसानों के ट्रैक्टर भी गंगा नदी में धकेल दिए।
जुताई के दौरान पहुंचे दूसरे पक्ष के लोग
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार शंकराटीला गांव के किसान खादर क्षेत्र में अपने खेतों की जुताई कर रहे थे। इसी दौरान दूसरे पक्ष के लोग गंगा पार से वहां पहुंच गए। जमीन को लेकर दोनों पक्षों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि हमलावरों ने किसानों पर फायरिंग शुरू कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से किसान दहशत में आ गए और अपनी जान बचाकर वहां से भाग निकले।
खेतों में मिले कारतूस के खोखे, ट्रैक्टर नदी में धकेले
घटना के बाद खेतों में कारतूस के खाली खोखे बिखरे मिले। गनीमत रही कि गोलीबारी में किसी किसान को गोली नहीं लगी। आरोप है कि हमलावरों ने किसानों के ट्रैक्टरों को भी गंगा नदी में धकेल दिया, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान हुआ है।
सीमा विवाद से बढ़ा तनाव, पुलिस ने शुरू की जांच
खादर क्षेत्र में गंगा के बहाव के कारण जमीन की सीमाओं को लेकर अक्सर विवाद सामने आते रहते हैं। घटना की सूचना पर बहादुरगढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मौके से खाली कारतूस बरामद किए हैं। वहीं नदी में डूबे ट्रैक्टरों को बाहर निकालने के प्रयास किए जा रहे हैं। पुलिस मामले की जांच कर आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की तैयारी में जुटी है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-indigenous-horses-to-take-cent/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/p/DfwGFuuh6rt/?vrfl=d2xmNGRjZ2ljaTRo





Pingback: Hapur News : नहर में मिला बुर्के वाला शव महिला का नहीं बल्कि किन्नर का शव, पोस्टमार्टम रिपोर्ट ने खोला रा