Hapur News : हापुड़ देहात थाना क्षेत्र के जरोठी रोड से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है जहां विज्ञापन लेने गए पत्रकार नसीम अहमद की दबंगों द्वारा पीट पीटकर हत्या करने का आरोप लगा है। यह घटना शनिवार दोपहर की बताई जा रही है और इसके बाद से मृतक के परिजनों में कोहराम मचा हुआ है वहीं इलाके में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
क्या है पूरा मामला
मृतक के दामाद डॉक्टर शाहरुख निवासी ग्राम असौड़ा ने थाने में तहरीर देकर बताया है कि 18 अक्टूबर 2026 को दोपहर करीब 2 बजकर 15 मिनट पर उनकी पत्नी ने फोन पर सूचना दी कि उनके पिता नसीम अहमद के साथ कुछ लोगों ने मारपीट की है और उन्हें गंभीर हालत में गढ़ रोड स्थित सरकारी अस्पताल ले जाया गया है। सूचना मिलते ही जब वह अस्पताल पहुंचे तो नसीम अहमद की मौत हो चुकी थी। मृतक हापुड़ की आवास विकास कॉलोनी के रहने वाले थे।
इन पर लगा हत्या का आरोप
चश्मदीदों के हवाले से बताया गया है कि नसीम अहमद अपने साथियों सलाउद्दीन, मुस्तकीम, मोनिका और शहाना के साथ अशोक कुमार गुप्ता की आटा मिल पर विज्ञापन के संबंध में गए थे। आरोप है कि वहां मौजूद इंद्रलोक कॉलोनी निवासी अशोक कुमार गुप्ता, उनके बेटे, सर्वोदय कॉलोनी निवासी नरेश कुमार, कपिल और चार पांच अज्ञात लोगों ने उनके साथ गाली गलौज शुरू कर दी। जब नसीम ने इसका विरोध किया तो सभी आरोपियों ने एक राय होकर लात घूंसों से हमला कर दिया। आरोप है कि सीने पर घूंसे मारने से उनकी हालत बिगड़ गई और मौके पर ही मौत हो गई।
क्या बोले अफसर
इस मामले में थाना देहात प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि दामाद की तहरीर के आधार पर नामजद और अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने की बात कही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-protest-by-the-savarna-upper-caste-communi/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/DeojSvnJOxb/?exln=MTFvanMzYWFuNjgyOQ==



