Hapur News : हापुड़ के धौलाना इलाके में स्थित सुख स्टील प्राइवेट लिमिटेड फैक्ट्री में गुरुवार शाम अचानक भीषण आग लग गई। फैक्ट्री में ईपीई पैकेजिंग फोम बनाया और स्टोर किया जाता है। आग शेड नंबर-3 में लगी, जहां बड़ी मात्रा में फोम रखा हुआ था। आग की लपटें उठती देख फैक्ट्री में अफरा-तफरी मच गई। इस हादसे में तीन कर्मचारी झुलस गए।
सूचना पर पहुंचीं चार दमकल गाड़ियां
जानकारी के अनुसार गुरुवार शाम करीब 4 बजकर 14 मिनट पर फैक्ट्री के शेड नंबर-3 में अचानक आग भड़क गई। सूचना मिलते ही पिलखुवा दमकल केंद्र से दो और हापुड़ से दो दमकल गाड़ियां मौके पर भेजी गईं। सीएफओ अजय शर्मा के नेतृत्व में दमकल टीमों ने मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का अभियान शुरू किया।
कड़ी मशक्कत के बाद पाया आग पर काबू
दमकलकर्मियों ने आग को चारों तरफ से घेरकर कड़ी मशक्कत के बाद उस पर काबू पा लिया। समय रहते आग बुझने से फैक्ट्री के बाकी सात शेड और परिसर में रखा अन्य सामान आग की चपेट में आने से बच गया।
सर्च ऑपरेशन चलाकर कर्मचारियों को निकाला बाहर
आग के दौरान किसी कर्मचारी के शेड के अंदर फंसे होने की आशंका को देखते हुए दमकल विभाग ने सर्च एंड रेस्क्यू टीम बनाई। टीम ने शेड और आसपास के स्थानों में आवाज लगाकर जांच की और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला।
तीन कर्मचारी झुलसे, अस्पताल में भर्ती
हादसे में तीन कर्मचारी आग की तेज लपटों की चपेट में आकर झुलस गए। झुलसे हुए लोगों में बहादुरगढ़ निवासी नफीस उम्र 40 वर्ष, धौलाना निवासी जाबिर उम्र 48 वर्ष और कपूरपुर निवासी अब्दुल्ला उम्र 32 वर्ष शामिल हैं। तीनों के पैर झुलसे हैं और उन्हें स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
आग लगने के कारणों की जांच शुरू
सीएफओ अजय शर्मा ने बताया कि आग पर समय रहते काबू पा लिया गया। सर्च एंड रेस्क्यू ऑपरेशन चलाकर सभी कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/greater-noida-authority-144th-board-meeting/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dc0jLgUBcdb/?igsi=MWwyeWoxdXJ4enFndQ==




