Hapur News : नौकरी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म, हापुड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : नौकरी का झांसा देकर किशोरी से दुष्कर्म, हापुड़ में दो आरोपी गिरफ्तार

Hapur News : हापुड़ नगर कोतवाली क्षेत्र में किशोरी को नौकरी दिलाने का झांसा देकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है जबकि एक अन्य आरोपी की तलाश जारी है।

25 अगस्त की घटना, मंगलवार को दर्ज हुई शिकायत

पीड़िता ने मंगलवार दोपहर करीब तीन बजे कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई। उसने बताया कि 25 अगस्त को मोहसिन, दिलशाद और उसके एक साथी ने उसे अच्छी नौकरी दिलाने का लालच दिया और बहला फुसलाकर सिंभावली क्षेत्र के एक होटल में ले गए। आरोप है कि वहां उसके साथ दुष्कर्म किया गया और बाद में जान से मारने की धमकी दी गई।

मुखबिर की सूचना पर हुई गिरफ्तारी

कोतवाली प्रभारी निरीक्षक मनीष चौहान ने बताया कि मामले की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त निरीक्षक ओमप्रकाश सिंह के नेतृत्व में टीम गठित की गई थी। मुखबिर से सूचना मिली कि दो आरोपी दिल्ली रोड स्थित एटीएमएस कट के पास भागने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर सिंभावली के भोवापुर मस्ताननगर निवासी मोहसिन और दीनू उर्फ दिलशाद को गिरफ्तार कर लिया।

फरार आरोपी की तलाश में दबिश

पुलिस अधिकारियों के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और मामले में शामिल तीसरे फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।