Hapur News : हापुड़ में आरएसएस नेता की मौत का मामला: परिजनों ने बताया हत्या, पुलिस ने कहा हादसा, जांच में जुटी पुलिस

Hapur News : हापुड़ में आरएसएस नेता की मौत का मामला: परिजनों ने बताया हत्या, पुलिस ने कहा हादसा, जांच में जुटी पुलिस

Hapur News : हापुड़ के हाफिजपुर थाना क्षेत्र के महमूदपुर गांव में सोमवार देर रात एक दर्दनाक घटना सामने आई थी। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सपनावत खंड के सह संपर्क प्रमुख 50 वर्षीय सतीश कुमार की ट्रैक्टर ट्रॉली की चपेट में आने से मौत हो गई। घटना रात करीब 11 बजे की है जब सतीश कुमार अपने घर के बाहर खड़े थे। इसी दौरान मिट्टी से भरी तेज रफ्तार ट्रैक्टर ट्रॉली ने उन्हें टक्कर मार दी।

परिजनों ने लगाया हत्या का आरोप

मृतक के परिजनों ने इस घटना को महज हादसा मानने से इनकार किया है। बेटे और बहन का आरोप है कि गांव में रात भर अवैध खनन से जुड़े ट्रैक्टर तेज रफ्तार में दौड़ते हैं जिसका ग्रामीणों ने कई बार विरोध किया था। इसी विरोध की रंजिश में सतीश पर जानबूझकर ट्रैक्टर चढ़ाया गया। परिजनों के मुताबिक टक्कर के बाद सतीश ट्रैक्टर के नीचे फंस गए थे लेकिन चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय और तेज कर दिया।

पकड़ने के प्रयास में पलटा ट्रैक्टर, चालक भी घायल

शोर सुनकर ग्रामीणों ने ट्रैक्टर का पीछा किया। खुद को घिरता देख चालक ने भागने की कोशिश की और नियंत्रण खो बैठा। ट्रैक्टर सड़क किनारे गड्ढे में पलट गया। इस दौरान ट्रैक्टर चला रहा घुंघराला निवासी कलीम गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया जहां डॉक्टरों ने सतीश को मृत घोषित कर दिया जबकि घायल चालक को प्राथमिक उपचार के बाद मेरठ मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

पुलिस जांच में सामने आया नया मोड़, एसपी ने दिया यह बयान

मामले में नया मोड़ तब आया जब पुलिस ने इसे हत्या नहीं बल्कि सड़क हादसा बताया। एसपी कुंवर ज्ञानंजय सिंह ने बयान जारी करते हुए कहा कि प्रथम दृष्टया यह दुर्घटना प्रतीत हो रही है। मृतक और ट्रैक्टर चालक के बीच पुरानी रंजिश का कोई तथ्य सामने नहीं आया है। चालक अकुशल था जो खुद भी ट्रैक्टर सहित खाई में पलटकर घायल हो गया। खनन की जांच में पता चला है कि मिट्टी का स्थानांतरण कृषि कार्य के लिए एक खेत से दूसरे खेत में किया जा रहा था। फिर भी खनन के बिंदु पर संबंधित विभाग को सूचना भेज दी गई है।

तहरीर पर मुकदमा दर्ज, गहन जांच के आदेश

एसपी ने बताया कि परिजनों की तहरीर के आधार पर थाना हाफिजपुर में अभियोग पंजीकृत कर लिया गया है। पुलिस प्रकरण की गहनता से जांच कर रही है और जांच के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-crossing-a-closed-railway-gate-proves/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dcxulnmh296/?igsi=N2Rob2RpZW13Nmxz