Hapur News : देहात थाना क्षेत्र में मंगलवार सुबह कार सवार कुछ लोगों ने एक युवक को बीच सड़क रोककर बेरहमी से पीटा। गंभीर हालत में युवक को अस्पताल ले जाया गया, जहां उसकी मौत हो गई।
मृतक की पहचान थाना बाबूगढ़ क्षेत्र के गांव मोहम्मदपुर आजमपुर निवासी गौरव त्यागी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि गौरव के पिता पुराने एक जानलेवा हमले के मामले में कोर्ट में पैरवी कर रहे हैं। इसी सिलसिले में मंगलवार सुबह गौरव धनौरा रोड की तरफ जा रहा था। रास्ते में कार में आए अज्ञात हमलावरों ने उसे रोक लिया।
आरोप है कि पहले आरोपियों ने गौरव के साथ गाली-गलौज की। जब उसने विरोध किया तो लाठी-डंडों, लोहे की सरिया और धारदार हथियारों से उस पर हमला कर दिया। हमले में गौरव लहूलुहान होकर सड़क पर गिर गया। लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी उसे जान से मारने की धमकी देकर कार से भाग निकले।
स्थानीय लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची देहात थाना पुलिस ने घायल को नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार के बाद उसे मेरठ रेफर कर दिया। मेरठ के अस्पताल में उपचार के दौरान गौरव ने दम तोड़ दिया।
घटना की खबर सुनते ही परिजनों में चीख-पुकार मच गई। गांव में मातम का माहौल है और बड़ी संख्या में लोग परिजनों को सांत्वना देने पहुंच रहे हैं।
देहात थाना प्रभारी पारस मलिक ने बताया कि आरोपियों की पहचान कर ली गई है। उनकी गिरफ्तारी के लिए टीमें गठित कर संभावित जगहों पर दबिश दी जा रही है। घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी जांची जा रही है। पुलिस का दावा है कि जल्द ही सभी आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।



