Hapur News : हापुड़ की फूड फर्म पर एफएसडीए का छापा, नंदन गोल्ड ब्रांड का 339 लीटर खाद्य तेल जब्त

Hapur News : हापुड़ की फूड फर्म पर एफएसडीए का छापा, नंदन गोल्ड ब्रांड का 339 लीटर खाद्य तेल जब्त

Hapur News : खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने सोमवार शाम ब्रजघाट में संचालित श्याम फूड प्रोडक्ट्स फर्म पर औचक निरीक्षण किया। जांच के दौरान टीम ने ‘नंदन गोल्ड प्रीमियम’ ब्रांड के इंटरेस्टरिफाइड एडिबल वेजिटेबल फैट का सैंपल लिया। पैकिंग पर गलत जानकारी पाए जाने के कारण मौके से 339 लीटर खाद्य पदार्थ को जब्त कर लिया गया। जब्त माल की अनुमानित कीमत करीब 57,360 रुपये आंकी गई है।

अधिकारियों के अनुसार यह कार्रवाई खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तर प्रदेश लखनऊ के आदेश और जिलाधिकारी के निर्देशों के क्रम में की गई। सहायक आयुक्त खाद्य ई चंद्रशेखर मिश्र के नेतृत्व में गठित सचल दल ने फर्म पहुंचकर खाद्य सामग्रियों की गहन जांच की और आवश्यक नमूने संग्रहित किए।

निरीक्षण टीम में मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी पंकज कुमार के साथ खाद्य सुरक्षा अधिकारी विपिन कुमार सिंह, आरपी गुप्ता, मोहित कुमार और सोवेन्द्र सिंह पंघाल शामिल रहे।

विभाग के अधिकारियों ने बताया कि एकत्र किए गए नमूने को परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला भेजा जा रहा है। प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य पदार्थ की गुणवत्ता और मानकों के अनुरूपता की स्थिति स्पष्ट होगी। रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

सहायक आयुक्त खाद्य-2 चंद्रशेखर मिश्र ने कहा कि जिले में खाद्य पदार्थों की शुद्धता और मानकों की जांच के लिए अभियान लगातार चलाया जाएगा। इसके अंतर्गत जिले के अन्य खाद्य प्रतिष्ठानों का भी निरीक्षण किया जाएगा ताकि उपभोक्ताओं को सुरक्षित और मानकयुक्त खाद्य पदार्थ उपलब्ध हो सकें।