Hapur News : जनपद हापुड़ में थाना बहादुरगढ़ क्षेत्र के गांव शेरपुर में शुक्रवार सुबह एटीएस की कार्रवाई के बाद हड़कंप मच गया। एटीएस टीम ने कुरैशीयान मस्जिद के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में ले लिया। दोनों युवक मोटरसाइकिल से मस्जिद की ओर पहुंचे थे।
ग्रामीणों के अनुसार, सुबह करीब 6 बजे दो युवक काले रंग की हीरो होंडा सीबीजेड मोटरसाइकिल से गांव की कुरैशीयान मस्जिद के पास आए। एक युवक मस्जिद की ओर बढ़ा जबकि दूसरा मोटरसाइकिल को लॉक कर रहा था। करीब पांच मिनट बाद एटीएस की टीम मौके पर पहुंची और दोनों को अपने साथ ले गई।
स्थानीय लोगों का कहना है कि दोनों युवकों की उम्र करीब 25 वर्ष है। उन्होंने दाढ़ी रखी हुई थी और सिर पर टोपी लगाई हुई थी। मौके पर मिली मोटरसाइकिल का नंबर यूपी 15 ए 71452 बताया गया है।
फिलहाल एटीएस द्वारा हिरासत में लिए गए दोनों युवकों की पहचान, हिरासत में लेने का कारण और उनके बारे में कोई आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है। पुलिस या एटीएस की पुष्टि के बाद ही पूरे मामले की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। एटीएस की इस कार्रवाई के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हैं।



