नोएडा: दिल्ली से सटे नोएडा में सोमवार को मजदूरों का विरोध प्रदर्शन अचानक उग्र हो गया और देखते ही देखते हिंसा में बदल गया। अपनी सैलरी बढ़ाने की मांग को लेकर सड़कों पर उतरे सैकड़ों मजदूरों ने नोएडा के फेज-2 (Phase-2) इलाके में जमकर उत्पात मचाया। प्रदर्शनकारियों ने न केवल निजी कंपनियों में तोड़फोड़ की, बल्कि पुलिस प्रशासन को चुनौती देते हुए सरकारी और निजी वाहनों को आग के हवाले कर दिया।
पुलिस की जीप जलाई, राहगीरों में दहशत
हिंसा का अंदाजा इसी बात से लगाया जा सकता है कि उपद्रवियों ने पुलिस की एक जीप समेत दो सरकारी वाहनों में आग लगा दी। कई अन्य वाहनों में भी तोड़फोड़ की गई है। इस दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच तीखी झड़प हुई। सड़कों पर जगह-जगह पत्थर और जले हुए वाहनों के अवशेष बिखरे नजर आ रहे हैं।
कंपनियों में तोड़फोड़, सड़कों पर लगाया जाम
वेतन वृद्धि की मांग को लेकर अड़े मजदूरों ने फेज-2 की कई कंपनियों के शीशे तोड़ दिए और गेट पर हंगामा किया। मजदूरों ने सड़कों के बीचों-बीच बैठकर जाम लगा दिया है, जिससे राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। नोएडा के प्रमुख औद्योगिक रास्तों पर घंटों से यातायात ठप है।
भारी पुलिस बल तैनात, छावनी में तब्दील इलाका
स्थिति को नियंत्रण में करने के लिए फेस टू इलाके में भारी पुलिस बल और पीएसी (PAC) को तैनात कर दिया गया है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और प्रदर्शनकारियों को समझाने की कोशिश की जा रही है, हालांकि माहौल अभी भी तनावपूर्ण बना हुआ है। पुलिस उपद्रवियों की पहचान के लिए सीसीटीवी कैमरों और वीडियो फुटेज की मदद ले रही है।
मजदूरों की मांग: “बढ़ाई जाए सैलरी”
प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि बढ़ती महंगाई के बावजूद उनकी सैलरी में लंबे समय से कोई इजाफा नहीं किया गया है। अपनी मांगों को लेकर वे पिछले कई दिनों से शांतिपूर्ण विरोध की बात कह रहे थे, लेकिन आज यह प्रदर्शन हिंसक हो गया।

