ग्रेटर नोएडा: उद्योगों के गढ़ ग्रेटर नोएडा में औद्योगिक शांति और श्रमिकों के हितों को सुरक्षित रखने के लिए रविवार को ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण में एक अहम बैठक संपन्न हुई। एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव की अध्यक्षता में हुई इस बैठक में पुलिस, प्रशासन और विभिन्न औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधियों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य श्रमिकों और फैक्ट्री मालिकों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करना और कारखाना विभाग के नए दिशा-निर्देशों को प्रभावी ढंग से लागू करना रहा।
ओवरटाइम और साप्ताहिक अवकाश पर सख्त निर्देश
बैठक में श्रमिकों के आर्थिक हितों को लेकर कई बड़े फैसले और निर्देश साझा किए गए। एडीएम मंगलेश दुबे ने स्पष्ट किया कि:
- दोगुना भुगतान: यदि किसी श्रमिक से ओवरटाइम कराया जाता है, तो उसका भुगतान दोगुनी दर से किया जाएगा।
- साप्ताहिक अवकाश: प्रत्येक श्रमिक को साप्ताहिक अवकाश मिलना अनिवार्य है। यदि रविवार को कार्य कराया जाता है, तो उस दिन का मेहनताना भी दोगुना होगा।
- वेतन वृद्धि: उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा घोषित की जाने वाली वेतन वृद्धि को लागू तिथि से ही सभी श्रमिकों को प्रदान करना होगा।
- बोनस: बोनस का भुगतान अधिकतम 30 नवंबर तक सीधे श्रमिकों के बैंक खातों में सुनिश्चित किया जाएगा।
कार्यस्थल पर सुरक्षा और सम्मानजनक व्यवहार
महिला श्रमिकों की सुरक्षा और कार्यस्थल के माहौल को बेहतर बनाने के लिए सख्त गाइडलाइंस दी गई हैं:
- यौन उत्पीड़न रोकथाम समिति: प्रत्येक कारखाने में इस समिति का गठन अनिवार्य होगा, जिसकी अध्यक्षता अनिवार्य रूप से महिला ही करेगी।
- शिकायत पेटी: श्रमिकों की समस्याओं के समाधान के लिए कार्यस्थल पर शिकायत पेटी स्थापित की जाएगी।
- सम्मानजनक व्यवहार: अधिकारियों ने उद्यमियों से अपील की कि श्रमिकों के साथ हमेशा सम्मानजनक व्यवहार किया जाए।
वेतन और पारदिर्शता
बैठक में तय किया गया कि प्रत्येक माह की 10 तारीख तक श्रमिकों के वेतन का भुगतान एकमुश्त किया जाएगा। साथ ही, सभी श्रमिकों को अनिवार्य रूप से वेतन पर्ची (Salary Slip) प्रदान करनी होगी ताकि पारदर्शिता बनी रहे।
समन्वय और शांति व्यवस्था पुलिस की प्राथमिकता
डीसीपी प्रवीण रंजन सिंह ने बैठक में कहा कि उद्यमियों और श्रमिकों के बीच आपसी तालमेल से ही जिले में बेहतर कानून व्यवस्था बनी रह सकती है। उन्होंने औद्योगिक संगठनों से सहयोग की अपील की। वहीं, एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव और एसीईओ सुमित यादव ने एक स्वस्थ औद्योगिक वातावरण बनाने पर जोर दिया।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में प्राधिकरण की ओर से एसीईओ सौम्य श्रीवास्तव, एसीईओ सुमित यादव, ओएसडी नवीन कुमार सिंह, प्रबंधक उद्योग अरविंद मोहन सिंह शामिल हुए। वहीं औद्योगिक संगठनों से नोएडा एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन (NEA), लघु उद्योग भारती, IIA और ग्रेटर नोएडा एंट्रेप्रिन्योर एसोसिएशन सहित कई प्रमुख संस्थाओं के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
