5 राज्यों के विधानसभा चुनाव को लेकर ECI की बड़ी तैयारी, 1444 केंद्रीय पर्यवेक्षकों को दिए सख्त निर्देश

असम, केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और बंगाल चुनाव के लिए ECI ने 1444 अधिकारियों को केंद्रीय पर्यवेक्षक ब्रीफिंग में तैनाती से पहले दिए बड़े सख्त निर्देश।

नई दिल्ली।
भारत निर्वाचन आयोग (ECI) ने असम, केरल, तमिलनाडु, पुड्डुचेरी और पश्चिम बंगाल में होने वाले आगामी विधानसभा चुनावों को स्वतंत्र, निष्पक्ष और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए कमर कस ली है। इसी क्रम में नई दिल्ली स्थित भारत अंतरराष्ट्रीय लोकतंत्र और चुनाव प्रबंधन संस्थान (IIIDEM) में आयोजित दो दिवसीय केंद्रीय पर्यवेक्षक ब्रीफिंग का शुक्रवार को समापन हुआ।
इस ब्रीफिंग कार्यक्रम में देशभर से आए कुल 1,444 अधिकारियों ने भाग लिया, जिन्हें चुनाव ड्यूटी पर तैनाती से पहले आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।


मुख्य चुनाव आयुक्त ने दिए सख्त निर्देश


ब्रीफिंग के अंतिम दिन मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने चुनाव आयुक्त डॉ. सुखबीर सिंह संधू और डॉ. विवेक जोशी के साथ पर्यवेक्षकों के तीसरे बैच को संबोधित किया। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि भारत में चुनाव पूरी तरह संविधान, कानून और निर्वाचन आयोग के निर्देशों के अनुसार कराए जाते हैं और किसी भी तरह के नियम उल्लंघन की कोई गुंजाइश नहीं है।
उन्होंने पर्यवेक्षकों को चुनावी प्रक्रिया में पारदर्शिता और निष्पक्षता बनाए रखने के निर्देश दिए।


शिकायतों के त्वरित निपटारे पर जोर


चुनाव आयुक्त डॉ. विवेक जोशी ने कहा कि राजनीतिक दलों और आम जनता से प्राप्त शिकायतों का तत्काल और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए, जिससे चुनावी प्रक्रिया में जनता का विश्वास बना रहे। उन्होंने पिछले एक वर्ष में आयोग द्वारा लागू की गई नई पहलों की जानकारी भी दी, जिनका सफल प्रयोग बिहार विधानसभा चुनाव के दौरान किया गया था।

पर्यवेक्षक निभाएं उच्चतम आचरण

चुनाव आयुक्त डॉ. एस.एस. संधू ने कहा कि पर्यवेक्षक मैदान में निर्वाचन आयोग के प्रतिनिधि होते हैं, इसलिए उनसे उच्चतम स्तर के आचरण और निष्पक्षता की अपेक्षा की जाती है। उन्होंने सभी राजनीतिक दलों के लिए समान अवसर सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

संविधान के तहत होती है पर्यवेक्षकों की नियुक्ति


निर्वाचन आयोग संविधान के अनुच्छेद 324 और लोक प्रतिनिधित्व अधिनियम, 1951 की धारा 20-बी के तहत प्रदत्त अधिकारों का उपयोग करते हुए पर्यवेक्षकों की नियुक्ति करता है। ये पर्यवेक्षक फील्ड स्तर पर चुनावी प्रक्रिया के प्रभावी और सुचारू संचालन की निगरानी करते हैं।

1,444 अधिकारियों ने लिया प्रशिक्षण

ईसीआई के अनुसार, 5 और 6 फरवरी को आयोजित इस ब्रीफिंग सत्र में शामिल अधिकारियों को तीन श्रेणियों में विभाजित किया गया है। इनमें
714 सामान्य पर्यवेक्षक,
233 पुलिस पर्यवेक्षक, और
497 व्यय पर्यवेक्षक शामिल हैं।
प्रशिक्षण के दौरान उन्हें मतदाता सूची, चुनाव संचालन, व्यय निगरानी, सूचना प्रौद्योगिकी और मीडिया प्रबंधन से जुड़े विभिन्न पहलुओं की जानकारी दी गई।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *