सावधान! कहीं आपका टूथपेस्ट नकली तो नहीं? दिल्ली में ‘सेंसोडाइन’ बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में माल बरामद

सावधान! कहीं आपका टूथपेस्ट नकली तो नहीं? दिल्ली में ‘सेंसोडाइन’ बनाने वाली अवैध फैक्ट्री का भंडाफोड़, भारी मात्रा में माल बरामद

नई दिल्ली: अगर आप अपने दांतों की संवेदनशीलता (Sensitivity) के लिए मशहूर ब्रांड ‘सेंसोडाइन’ (Sensodyne) का इस्तेमाल करते हैं, तो यह खबर आपके लिए बेहद जरूरी है। दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच ने राजधानी में चल रहे एक बड़े नकली टूथपेस्ट रैकेट का पर्दाफाश किया है। बाहरी दिल्ली के खंझावला इलाके में चल रही एक अवैध फैक्ट्री पर छापेमारी कर पुलिस ने हजारों की संख्या में नकली टूथपेस्ट ट्यूब और बनाने का उपकरण बरामद किया है।

महावीर विहार में चल रहा था ‘जहरीला’ खेल
क्राइम ब्रांच को 2 अप्रैल को गुप्त सूचना मिली थी कि खंझावला के महावीर विहार में ब्रांडेड टूथपेस्ट के नाम पर घटिया माल तैयार किया जा रहा है। पुलिस टीम ने जब मौके पर रेड की, तो वहां का नजारा देख अधिकारी भी दंग रह गए। फैक्ट्री के अंदर 6 मजदूर बेहद गंदे और अस्वास्थ्यकर माहौल में लोकल पेस्ट को ‘सेंसोडाइन’ की ट्यूबों में भरने और पैकिंग करने का काम कर रहे थे।

लाखों का माल और मशीनें बरामद
पुलिस ने मौके से भारी मात्रा में कच्चा माल और मशीनें जब्त की हैं, जिनकी कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है। बरामदगी की सूची इस प्रकार है:
130 किलो खुला हुआ नकली पेस्ट।
हजारों की संख्या में भरी हुई और खाली टूथपेस्ट ट्यूब।
भारी मात्रा में सेंसोडाइन ब्रांड के नकली पैकिंग बॉक्स और रैपर।
ट्यूब भरने, सील करने और हीटिंग करने वाली मशीनें।
बड़ी संख्या में कैप, गोंद और अन्य पैकिंग सामग्री।

रोहिणी का रहने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार
इस काले कारोबार के पीछे 58 वर्षीय हरी ओम मिश्रा का नाम सामने आया है, जो रोहिणी का रहने वाला है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है। पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने यह गोदाम किराए पर लिया था और बिना किसी लाइसेंस या मानक के वह मशहूर ब्रांड के नाम पर नकली पेस्ट तैयार कर बाजार में खपा रहा था।

सेहत के लिए बड़ा खतरा
मौके पर पहुंचे कंपनी के विशेषज्ञों ने पुष्टि की है कि बरामद किया गया सारा माल नकली है। विशेषज्ञों के अनुसार, इस तरह के नकली टूथपेस्ट में हानिकारक रसायनों का उपयोग होता है, जो दांतों और मसूड़ों को ठीक करने के बजाय गंभीर बीमारियों का कारण बन सकते हैं।

कानूनी कार्रवाई जारी
दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) और कॉपीराइट एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की तफ्तीश कर रही है कि यह नकली माल दिल्ली-एनसीआर के किन-किन बाजारों में सप्लाई किया गया था और इस गिरोह में और कौन-कौन लोग शामिल हैं।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *