ग्रेटर नोएडा/दादरी: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने आज ग्रेटर नोएडा के दादरी में आयोजित ‘समाजवादी समानता भाईचारा रैली’ में एक विशाल जनसभा को संबोधित किया। मंच से बोलते हुए अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखे प्रहार किए और दावा किया कि आगामी चुनावों में जनता बीजेपी को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएगी।
“सपा की रैली की चर्चा से उड़ गए विरोधियों के होश”
अखिलेश यादव ने रैली में उमड़ी भीड़ को देखकर कार्यकर्ताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने तंज कसते हुए कहा, “इस रैली की चर्चा ने कितने ही लोगों के होश उड़ा दिए हैं। हमारी तैयारी देखकर विरोधियों को मजबूरी में आनन-फानन में अपनी रैली करनी पड़ी।” उन्होंने आरोप लगाया कि बीजेपी की रैली में भीड़ स्वैच्छिक नहीं थी, बल्कि सरकारी मशीनरी और संस्थाओं के छात्रों को छुट्टी का लालच देकर बुलाया गया था।
विकास और निजीकरण पर घेरा: “उद्घाटन बेचने के लिए किए जा रहे”
जेवर एयरपोर्ट और अन्य बुनियादी ढांचा परियोजनाओं पर बात करते हुए सपा अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी केवल कागजों पर विकास कर रही है। उन्होंने कहा, “पहले भी कई उद्घाटन हुए जो बाद में गायब हो गए। 7 एयरपोर्ट का उद्घाटन किया गया था, जिनमें से 6 बंद हो चुके हैं। ऐसा लगता है कि ये उद्घाटन ही इसलिए किए जा रहे हैं ताकि बाद में इन्हें बेचा जा सके।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि जेवर एयरपोर्ट के लिए एनओसी (NOC) दिलवाने का असली काम समाजवादी सरकार ने किया था।
किसानों और युवाओं के लिए बड़े वादे
किसानों के मुद्दे पर अखिलेश यादव ने स्पष्ट किया कि जब भी समाजवादी सरकार बनेगी, किसानों को उनकी जमीन का सही मुआवजा और सम्मान दिया जाएगा। उन्होंने कहा, “बीजेपी ने न तो 64% मुआवजा दिया और न ही 4% के प्लॉट दिए। हम किसानों को अर्बन यूनिट मानकर सम्मान देंगे और युवाओं को उनके गांव के पास ही नौकरी उपलब्ध कराएंगे।” उन्होंने 50 लाख करोड़ के निवेश (MoU) को भी पूरी तरह विफल बताया।
PDA की ताकत और संविधान की रक्षा
अखिलेश यादव ने ‘PDA’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) के नारे को बुलंद करते हुए इसे ‘प्रोग्रेसिव और पॉजिटिव’ बताया। उन्होंने कहा कि बाबा साहेब के संविधान के तहत मिलने वाला सम्मान केवल PDA परिवार ही दिला सकता है। उन्होंने भावुक होते हुए कहा, “हमने अपमान महसूस किया है जब हमारे घर को गंगा जल से धुलवाया गया, लेकिन अब दौर बदल गया है, PDA एकजुट हो गया है।”

