Hapur News : मेरठ रेंज में अवैध हथियारों के खिलाफ चलाए गए ऑपरेशन शस्त्र के तहत पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। सितंबर माह में चार जिलों में चलाए गए इस अभियान में कुल 208 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। आरोपियों के पास से 185 अवैध हथियार और 214 कारतूस बरामद किए गए हैं और कुल 180 मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
हापुड़ में 14 हथियार बरामद
इस अभियान के तहत हापुड़ जिले में 14 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इनके कब्जे से 14 अवैध हथियार और 15 कारतूस बरामद हुए हैं। वहीं मेरठ जिले में सबसे अधिक कार्रवाई हुई है जहां 106 आरोपी पकड़े गए और 83 हथियार बरामद किए गए।
डीआईजी ने दिए सख्त कार्रवाई के निर्देश
डीआईजी कलानिधि नैथानी ने हथियारों की तस्करी, प्रदर्शन और अपराधियों को संरक्षण देने वालों पर भी सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि गोलीकांड की घटनाओं में गोली चलाने वाले के साथ ही हथियार उपलब्ध कराने वाले और लाइसेंसधारक की भी जांच की जाएगी। लाइसेंसी हथियार दूसरों को देने, सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने या आरोपियों को घर और वाहन उपलब्ध कराने वालों पर भी कार्रवाई होगी। इसके साथ ही आरोपियों के खिलाफ हिस्ट्रीशीट खोलने और गुंडा एक्ट व गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-demand-for-a-national-holiday-on-valmiki-j/
ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Del3oZ4hy7d/?srtk=ajZvaGMzNXR0N2lh



