Hapur News : हापुड़ में मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, लूटा गया फोन और कार बरामद

Hapur News : हापुड़ में मोबाइल लूटने वाले दो बदमाश गिरफ्तार, लूटा गया फोन और कार बरामद

Hapur News : हापुड़ के थाना देहात क्षेत्र में पुलिस ने मोबाइल लूट की वारदात को अंजाम देने वाले दो शातिर लुटेरों को गिरफ्तार किया है। आरोपी गांव असौड़ा गोशाला के पास दो भाइयों को गाली गलौज कर जान से मारने की धमकी देकर मोबाइल लूट कर फरार हो गए थे। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटा हुआ मोबाइल, अवैध हथियार और वारदात में इस्तेमाल की गई कार बरामद की है।

पीड़ित ने दर्ज कराई थी रिपोर्ट

मोहल्ला अमृत विहार निवासी विजय कुमार ने रिपोर्ट दर्ज कराते हुए बताया कि मंगलवार शाम वह अपने भाई तरुण कुमार के साथ वैशाली कॉलोनी की पक्की सड़क से होते हुए धनौरा रोड किठौर मार्ग स्थित धर्मकांटा से दौड़ लगाकर घर लौट रहा था। गांव असौड़ा गोशाला से करीब दो सौ मीटर पहले सामने से आ रही एक कार उनके पास आकर रुकी। कार से उतरे दो युवकों ने गाली गलौज करते हुए जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद आरोपियों ने धक्का देकर उसके भाई तरुण का मोबाइल लूट लिया और मेरठ बुलंदशहर हाईवे से होते हुए मेरठ की तरफ फरार हो गए। पीड़ित ने तुरंत डायल 112 पर कॉल कर पुलिस को घटना की सूचना दी।

पुलिस ने घेराबंदी कर पकड़े आरोपी

सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने आरोपियों की काफी तलाश की लेकिन शुरुआत में उनका कोई सुराग नहीं लगा। बाद में थाना देहात पुलिस ने कार्रवाई करते हुए गोशाला चौराहे से धनौरा जाने वाले रास्ते से दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान रिंकू और विवेक निवासी गांव अतराड़ा जिला मेरठ के रूप में हुई है।

आपराधिक इतिहास खंगाल रही पुलिस

सीओ अनीता चौहान ने बताया कि आरोपियों के पास से लूटा गया मोबाइल, अवैध असलहा और घटना में प्रयुक्त कार बरामद कर ली गई है। पुलिस टीम आरोपियों के आपराधिक इतिहास के बारे में जानकारी जुटा रही है और आगे की वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

ये भी पढ़ें : https://gbntoday.com/hapur-news-massive-fire-breaks-out-at-a-foam-factory/

ये भी देखें : https://www.instagram.com/reel/Dc0dEOmBwO5/?igsi=MTZicTF6a2RmZDR6aQ==