एंबुलेंस की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा: नोएडा पुलिस ने 64 किलो गांजे के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर किया गिरफ्तार, कीमत 13 लाख रुपए

एंबुलेंस की आड़ में चल रहा था अवैध धंधा: नोएडा पुलिस ने 64 किलो गांजे के साथ अंतर्राज्यीय तस्कर किया गिरफ्तार, कीमत 13 लाख रुपए

नोएडा: कमिश्नरेट गौतमबुद्धनगर की थाना फेस-1 पुलिस ने चेकिंग के दौरान एक बड़े अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर को गिरफ्तार करने में बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 64 किलोग्राम उच्च गुणवत्ता वाला गांजा बरामद किया है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत करीब 13 लाख रुपए बताई जा रही है। तस्करी के लिए इस्तेमाल की जा रही बिना नंबर प्लेट की मारुति इको एंबुलेंस को भी जब्त कर लिया गया है।

ऐसे हुआ खुलासा और गिरफ्तारी

थाना फेस-1 पुलिस को मैनुअल इंटेलिजेंस और गोपनीय सूचना मिली थी कि ओडिशा से भारी मात्रा में अवैध गांजा तस्करी कर एनसीआर क्षेत्र में लाया जा रहा है। इसी सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने झुंडपुरा बॉर्डर के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध एंबुलेंस को रोका। तलाशी लेने पर वाहन के अंदर से 64 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ।
गिरफ्तार आरोपी की पहचान ओमवीर सिंह पुत्र श्याम लाल (निवासी: ग्राम नागर, थाना अछनेरा, आगरा, उम्र करीब 48 वर्ष) के रूप में हुई है।

पुलिस पूछताछ में सामने आया चौंकाने वाला तरीका

पुलिस पूछताछ में आरोपी ओमवीर ने बताया कि वह ओडिशा से विशेष किस्म का ‘उड़िया गांजा’ मंगवाता था, जिसकी दिल्ली-एनसीआर में काफी मांग है। पुलिस की नजरों से बचने और टोल प्लाजा पर चेकिंग से आसानी से निकलने के लिए उसने नायाब तरीका निकाला था। वह गांजा तस्करी के लिए एंबुलेंस का इस्तेमाल करता था ताकि पुलिस या सुरक्षा एजेंसियों को उसपर शक न हो और वह बिना किसी रुकावट के गांजा एक राज्य से दूसरे राज्य में पहुंचा सके।
आरोपी इस गांजे को दिल्ली लाकर छोटे-छोटे पैकेटों में महंगे दामों पर सप्लाई करता था और अवैध कमाई के पैसों से अपने शौक पूरे करता था।

कानूनी कार्रवाई

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ थाना फेस-1 में मु0अ0सं0 378/2026, धारा 8/20/60 एनडीपीएस एक्ट के तहत पंजीकृत कर लिया है। पुलिस अब इस तस्करी के नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों और ओडिशा के मुख्य सप्लायर की तलाश में जुट गई है।

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *